भाजपा सहयोग केंद्र में समस्याओं का त्वरित समाधान, रामविचार नेताम व जगन्नाथ पाणिग्राही रहे उपस्थित

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी, छत्तीसगढ़ के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संचालित ‘सहयोग केंद्र’ के माध्यम से कार्यकर्ता कल्याण और जनसेवा का कार्य निरंतर प्रभावी रूप से किया जा रहा है। पार्टी की रीति-नीति और संगठनात्मक प्रतिबद्धता के अनुरूप सप्ताह में पाँच दिन (सोमवार से शुक्रवार) सरकार के एक मंत्री एवं संगठन के एक वरिष्ठ पदाधिकारी कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए उपस्थित रहते हैं।

इसी क्रम में आज आयोजित सहयोग केंद्र में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम एवं भाजपा के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्राही की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कुल 127 कार्यकर्ताओं ने अपनी व्यक्तिगत, संगठनात्मक एवं जनहित से जुड़ी समस्याओं के साथ-साथ महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री रामविचार नेताम एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्राही ने कार्यकर्ताओं की बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए। कई मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की गई, वहीं शेष विषयों पर समयबद्ध समाधान का आश्वासन दिया गया।
इस अवसर पर मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि “कार्यकर्ता हमारी सबसे बड़ी शक्ति हैं। उनकी समस्याओं का समाधान करना और उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़ना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।” वहीं जगन्नाथ पाणिग्राही ने कहा कि सहयोग केंद्र संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच सेतु का कार्य कर रहा है, जिससे जमीनी स्तर की समस्याएं सीधे नेतृत्व तक पहुँच रही हैं।
सहयोग केंद्र के माध्यम से भाजपा ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि संगठन अपने कार्यकर्ताओं के सम्मान, सहयोग और सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।



