छत्तीसगढ़सारंगढ़ बिलाईगढ़

बरमकेला पुलिस की यातायात व्यवस्था सुधारने बड़ी कार्रवाई, नाबालिग चालकों और मोडिफाइड साइलेंसर पर चला अभियान

बरमकेला, 25 जून 2026। जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से थाना बरमकेला पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाने, मोडिफाइड साइलेंसर लगाने तथा तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय एवं उप पुलिस अधीक्षक संतोषी ग्रेस के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने तथा लोगों में जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में गुरुवार को थाना बरमकेला पुलिस ने नगर के विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी।

पुलिस टीम ने सरस्वती शिशु मंदिर बरमकेला, शासकीय कन्या विद्यालय बरमकेला एवं स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय बरमकेला में छात्रों को सड़क सुरक्षा, हेलमेट के उपयोग, वाहन चलाते समय सावधानियां तथा यातायात नियमों के पालन के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही नाबालिगों को वाहन न चलाने की सलाह देते हुए उनके अभिभावकों से भी बच्चों पर निगरानी रखने की अपील की गई।

अभियान के दौरान मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहन चालकों, तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने वालों तथा नाबालिग वाहन चालकों पर नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। साथ ही नागरिकों से यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button