सारंगढ़ बिलाईगढ़

*राज्य सरकार के ऐतिहासिक निर्णयों से व्यापार, उद्योग और रोजगार को मिलेगी नई गति – रतन शर्मा*

*राष्ट्रीय पदाधिकारी अमर परवानी सहित कैट के प्रदेश के पदाधिकारियों ने की सराहना*

बरमकेला । कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमैन जितेन्द्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, वाइस चेयरमैन सुरिन्दर सिंह एवं जीवत बजाज, प्रदेश महामंत्री अवनीत सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष विजय पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र जग्गी, वासु माखीजा, राम मंधान, भरत जैन, राकेश ओचवानी एवं शंकर बजाज द्वारा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों का स्वागत किया गया।
इसी क्रम में CAIT सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला अध्यक्ष रतन शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार के ये निर्णय छत्तीसगढ़ को औद्योगिक, डिजिटल एवं आर्थिक विकास की नई दिशा देंगे। ₹500 करोड़ के एआई मिशन, बीईएमएल की भारी मशीन निर्माण परियोजना, औद्योगिक निवेश, एमएसएमई प्रोत्साहन तथा आधारभूत संरचना के विस्तार से व्यापार, उद्योग, निवेश और रोजगार को नई गति मिलेगी।
रतन शर्मा ने कहा कि बीईएमएल परियोजना से छत्तीसगढ़ भारी मशीन निर्माण का नया औद्योगिक केंद्र बनेगा, जिससे स्थानीय व्यापारियों, लघु उद्योगों, परिवहन, लॉजिस्टिक्स, निर्माण सामग्री, होटल, रेस्टोरेंट एवं सेवा क्षेत्र में नए अवसर विकसित होंगे। वहीं एआई मिशन से डिजिटल अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और युवाओं के लिए आधुनिक तकनीक आधारित रोजगार एवं कौशल विकास के नए रास्ते खुलेंगे।
उन्होंने कहा कि इन निर्णयों से एमएसएमई इकाइयों, स्थानीय व्यापारियों एवं उद्यमियों को नए व्यावसायिक अवसर प्राप्त होंगे, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, आधारभूत संरचना का विस्तार होगा तथा प्रदेश में निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार होगा।
रतन शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि यदि इन निर्णयों का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया, तो छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी औद्योगिक एवं निवेश-अनुकूल राज्यों में अपनी सशक्त पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने राज्य सरकार को इन दूरदर्शी एवं विकासोन्मुखी निर्णयों के लिए बधाई देते हुए कहा कि CAIT सारंगढ़-बिलाईगढ़ व्यापारियों के हितों की रक्षा एवं प्रदेश के आर्थिक विकास में सदैव सक्रिय सहयोग देता रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button