सारंगढ़ बिलाईगढ़

### राष्ट्रीय मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जुगेंद्र प्रसाद साहू ने लहराया परचम, चार पदक जीतकर बरमकेला का बढ़ाया गौरव

बरमकेला। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला विकासखंड अंतर्गत ग्राम चांटीपाली के प्रधान पाठक जुगेंद्र प्रसाद साहू ने खेल के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। पश्चिम बंगाल के मिदनापुर में 14 एवं 15 नवंबर 2026 को आयोजित 9वीं राष्ट्रीय मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्होंने अपनी प्रतिभा और मेहनत का लोहा मनवाते हुए कुल चार पदक अपने नाम किए।

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 570 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। 50 प्लस आयु वर्ग में प्रतिस्पर्धा करते हुए जुगेंद्र प्रसाद साहू ने 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक तथा 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं 200 मीटर दौड़ में रजत पदक और 4×100 मीटर रिले रेस में कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र को गौरवान्वित किया।



अपनी इस शानदार उपलब्धि का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता, परिवारजनों और मार्गदर्शक शिक्षकों को दिया। उन्होंने विशेष रूप से कुनकुरी के शिक्षक महेश तिर्की, गरियाबंद के व्याख्याता प्रेमसिंग नागेश, सरिया के भाई सीताराम प्रधान, बरमकेला बीईओ मुकेश कुर्रे, प्रधान पाठक कल्याण संघ के साथियों कन्हैया लाल नायक, महेंद्र कुर्रे, सुभाष चौहान, महजूद राम, दीपक तथा चांटीपाली स्कूल के समस्त स्टाफ का आभार जताया।

उन्होंने कोठीखोल एवं बरमकेला अंचल के लोगों को भी अपनी सफलता का सहभागी बताया, जिन्होंने लगातार उनका उत्साहवर्धन किया।

जुगेंद्र प्रसाद साहू की यह उपलब्धि साबित करती है कि उम्र कभी भी प्रतिभा, मेहनत और जुनून के आड़े नहीं आती। उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों को भी खेल के प्रति प्रेरणा मिलेगी।

Related Articles

Back to top button