वीबी राम जी के अंतर्गत बरमकेला ब्लॉक की 96 पंचायतों में मनाया गया रोजगार दिवस, ग्रामीणों को गांव में ही रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू और जिला मुख्य कार्यपालन अधिकारी के निर्देशानुसार बरमकेला प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिक्षा शर्मा के नेतृत्व बरमकेला विकासखंड की 96 ग्राम पंचायतों में 7 अगस्त को वीबी राम जी के (मनरेगा) अंतर्गत रोजगार दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों को रोजगार के अधिकार, वीबी जी राम जी की विभिन्न योजनाओं तथा रोजगार उपलब्ध कराने संबंधी जानकारी देकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

रोजगार दिवस के दौरान ग्राम पंचायतों में लोगों को गांव में ही रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण विकास कार्य प्रारंभ किए जा रहे हैं। इनमें विद्यालयों में बालिका शौचालयों का निर्माण, मुक्तिधाम विहीन पंचायतों में मुक्तिधाम निर्माण, सूख चुके शासकीय बोरवेलों में सैंड फिल्टर लगाने, जल संरक्षण के लिए वॉटर एब्जॉर्प्शन ट्रेंच, कंटूर ट्रेंच तथा अन्य संरचनाओं के निर्माण कार्य शामिल हैं। इन कार्यों के माध्यम से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उन्हें रोजगार की तलाश में दूसरे शहरों या राज्यों की ओर पलायन न करना पड़े।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को मनरेगा के तहत 15 दिनों के भीतर रोजगार उपलब्ध कराने की गारंटी, 125 दिनों तक रोजगार के प्रावधान तथा आजीविका संवर्धन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने की जानकारी भी दी गई। पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों ने ग्रामीणों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
रोजगार दिवस के अवसर पर सभी ग्राम पंचायतों में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया तथा ग्रामीणों को रोजगार, जल संरक्षण और स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण के प्रति जागरूक किया गया। इससे ग्रामीण विकास के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को भी नई गति मिलने की उम्मीद जताई गई।




