छत्तीसगढ़सारंगढ़ बिलाईगढ़

सरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 41 किलो 810 ग्राम गांजा के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 26 जून 2026। थाना सरिया पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 41 किलो 810 ग्राम गांजा, एक सफेद रंग की बलेनो कार तथा एक ओप्पो स्मार्ट मोबाइल जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 12 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 26 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तर प्रदेश के कानपुर की ओर एक सफेद रंग की बलेनो कार (क्रमांक UP 90 R 3416) में भारी मात्रा में अवैध गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना सरिया के सामने मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की।

जांच के दौरान उक्त कार को रोककर तलाशी ली गई। कार की डिक्की से खाकी रंग के प्लास्टिक टेप से लिपटे 40 पैकेटों में कुल 41 किलो 810 ग्राम गांजा बरामद किया गया। आरोपी की पहचान रितिक राय (26 वर्ष), पिता गिरीश राय, निवासी ग्राम अमरहट, थाना सरायलखनसी, जिला मऊ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।

पुलिस ने गांजा, बलेनो कार और ओप्पो मोबाइल को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 125/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया। आरोपी को 26 जून 2026 को सुबह 11:30 बजे विधिवत गिरफ्तार कर उसके परिजनों को सूचना देने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, उप निरीक्षक मोतीलाल डनसेना सहित थाना सरिया के पुलिस स्टाफ एवं साइबर सेल सारंगढ़ के आरक्षक कृष्णा डनसेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button