इमली की बोरियों के नीचे छिपाकर हो रही थी गांजा तस्करी, पुलिस ने 94 किलो गांजा किया जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के थाना डोंगरीपाली पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 94 किलोग्राम गांजा जब्त कर दो अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 लाख रुपये कीमत का आयशर ट्रक, 9.40 लाख रुपये कीमत का गांजा तथा तीन मोबाइल फोन सहित कुल लगभग 24.40 लाख रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय के निर्देश एवं एसडीओपी सारंगढ़ श्रीमती संतोषी ग्रेस के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भगवती प्रसाद कुर्रे के नेतृत्व में 29 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक आयशर ट्रक में गांजा की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर ग्राम डोंगरीपाली मोड़ के पास सुहेला-बरमकेला मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर ट्रक क्रमांक UP 30 DT 5256 को रोका गया।
तलाशी के दौरान ट्रक में लगभग 12 टन इमली की बोरियों के नीचे छिपाकर रखा गया 94 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक जगत मोदक (52 वर्ष), निवासी धनबाद, झारखंड तथा खलासी सुनील बर्मा (40 वर्ष), निवासी नर्मदापुरम, मध्य प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना डोंगरीपाली में अपराध क्रमांक 27/26 के तहत धारा 20(बी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी भगवती प्रसाद कुर्रे सहित छोटे लाल सिदार, प्रधान आरक्षक गजानंद पटेल तथा आरक्षक ओमप्रकाश सिंह, सुदर्शन राणा, गोपी सिदार, किरण यादव एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



