बरमकेला में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ के नारों से गूंजा इलाका

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग, विधायक उत्तरी जांगड़े के नेतृत्व में पैदल मार्च; तहसील कार्यालय में वाचन कर जताया विरोध
सारंगढ़ । सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ और ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ के नारे लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समीप एकत्र होकर नारेबाजी की और इसके बाद पैदल मार्च निकालते हुए तहसील कार्यालय पहुंचे। यहां अपनी मांगें रखीं और पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मताधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज बुलंद की। ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ के नारों के साथ कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई। प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस ने निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां जाहिर कीं।
पुलिस रही अलर्ट, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
प्रदर्शन और पुतला दहन को देखते हुए बरमकेला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल सतर्क रहा। पैदल मार्च से लेकर तहसील कार्यालय में ज्ञापन सौंपने और पुतला दहन तक पुलिस की निगरानी बनी रही।कांग्रेस के इस विरोध प्रदर्शन में विधायक उत्तरी जांगड़े की मौजूदगी ने कार्यक्रम को राजनीतिक रूप से अहम बना दिया। अब इस प्रदर्शन के जरिए उठाए गए मुद्दों और सौंपे गए ज्ञापन पर संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया पर नजर रहेगी।




