प्रधानमंत्री आवास योजना के अपूर्ण आवास एक माह में पूर्ण कराने के निर्देश

बिलाईगढ़ जनपद सीईओ ने सलिहा और धौराभाठा में किया स्थल निरीक्षण, हितग्राहियों से की चर्चा
सलिहा में 378 स्वीकृत आवासों में से 309 पूर्ण, शेष 69 आवासों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
सारंगढ़–बिलाईगढ़,। राज्य शासन की मंशानुरूप प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत प्रत्येक पात्र परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराने तथा स्वीकृत आवासों का निर्माण समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री ऋषिकेश तिवारी के मार्गदर्शन में जिले में अपूर्ण आवासों के निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा एवं निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में जनपद पंचायत बिलाईगढ़ की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती योगेश्वरी बर्मन ने ग्राम पंचायत सलिहा एवं धौराभाठा (सु) का दौरा कर निर्माणाधीन एवं अपूर्ण आवासों का स्थल निरीक्षण किया तथा हितग्राहियों को एक माह के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जनपद सीईओ श्रीमती बर्मन ने आवास हितग्राहियों के घर पहुंचकर निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने गांव में चौपाल लगाकर हितग्राहियों से चर्चा की तथा आवास निर्माण में हो रही देरी के कारणों और कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पात्र परिवारों को समय पर मिलना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए हितग्राही एवं संबंधित विभागीय अमला आपसी समन्वय से निर्माण कार्यों में तेजी लाएं।
सलिहा में 69 अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने पर जोर
ग्राम पंचायत सलिहा में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत कुल 378 आवास स्वीकृत हैं, जिनमें से 309 आवासों का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि 69 आवास अपूर्ण हैं। जनपद सीईओ ने इन आवासों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित हितग्राहियों को एक माह के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत के सचिव, रोजगार सहायक एवं आवास योजना से जुड़े अमले को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यक समन्वय के माध्यम से अपूर्ण आवासों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने के लिए निर्देशित किया।
श्रीमती बर्मन ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र परिवारों को सुरक्षित एवं पक्का आवास उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। ऐसे में स्वीकृत आवासों के निर्माण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने निर्धारित समय-सीमा में आवास निर्माण पूर्ण नहीं करने की स्थिति में नियमानुसार राशि वसूली की कार्रवाई किए जाने की भी चेतावनी दी।
निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के विकासखंड समन्वयक श्री विद्यासागर साहू एवं तकनीकी सहायक श्री लकेश्वर महिलांगे उपस्थित रहे। इस अवसर पर संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, पंचगण एवं आवास हितग्राही भी मौजूद थे। अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए सभी अपूर्ण आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।



