डाइट घरमजयगढ़ में बालवाड़ी प्रशिक्षण का प्रथम चरण पूर्ण, नई शिक्षा नीति पर शिक्षकों को दिया गया मार्गदर्शन

रायगढ़/डाइट घरमजयगढ़ में बालवाड़ी प्रशिक्षण का प्रथम चरण 19 जनवरी 2026 को प्रारंभ हुआ था, किन्तु कुछ अपरिहार्य कारणों से इसे बीच में स्थगित करना पड़ा। इसके पश्चात अधूरा प्रशिक्षण 29 एवं 30 जनवरी को दो दिवसीय सत्र आयोजित कर सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप बालवाड़ी स्तर पर बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना रहा।

कार्यक्रम में डाइट प्राचार्य अनिल पैकरा, प्रशिक्षण प्रभारी अनिल ग्वेल तथा बालवाड़ी प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी बृजेश द्विवेदी की विशेष उपस्थिति रही। मास्टर ट्रेनर ओमकुमारी पटेल, आरती साहू और जयंती श्याम ने शिक्षकों को बाल शिक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने गतिविधि-आधारित शिक्षण, थीम आधारित कक्षा संचालन तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया।

इस प्रशिक्षण में जिले के विकासखंड पुसौर, धरमजयगढ़ और घरघोड़ा से आए शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के दौरान प्रस्तुत की गई शैक्षणिक गतिविधियों को समझते हुए प्रभावी शिक्षण पद्धतियों पर चर्चा की और अपने अनुभव भी साझा किए। शिक्षकों द्वारा किए गए प्रस्तुतीकरण को सराहा गया।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य नन्हे बच्चों के लिए आनंदमय, सुरक्षित और सीखने योग्य वातावरण तैयार करना रहा, ताकि उनकी बौद्धिक, सामाजिक और भावनात्मक क्षमताओं का विकास हो सके। सभी शिक्षकों ने बेहतर शिक्षा के प्रति समर्पित होकर प्रशिक्षण प्राप्त किया और इसे अपने विद्यालयों में प्रभावी रूप से लागू करने का संकल्प लिया।




