रायगढ़

FLN अंतर्गत पुसौर विकासखंड में पांच दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण संपन्न

पुसौर। फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरसी (FLN) कार्यक्रम के अंतर्गत नवीन पाठ्य पुस्तकों पर आधारित पांच दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण का आयोजन विकासखंड पुसौर में किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य प्राथमिक स्तर के बच्चों में पढ़ने, लिखने और गणितीय समझ को मजबूत करते हुए शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार लाना है।



यह प्रशिक्षण विकासखंड शिक्षा अधिकारी शैलेश देवांगन के दिशा-निर्देश में तथा बीआरसीसी शैलेन्द्र मिश्रा एवं सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी मनीष सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। ब्लॉक स्तरीय इस प्रशिक्षण में बड़ी संख्या में प्राथमिक शिक्षक-शिक्षिकाएं भाग ले रहे हैं।

प्रशिक्षण के दौरान गणित, पर्यावरण अध्ययन, भाषा एवं अंग्रेजी विषयों पर विशेष फोकस किया जा रहा है। बच्चों को सरल, रोचक एवं गतिविधि आधारित पद्धतियों से सीखने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि कक्षा स्तर के अनुरूप अधिगम लक्ष्य प्राप्त किए जा सकें। प्रशिक्षकों द्वारा नवीन पाठ्य पुस्तकों के प्रभावी उपयोग, कक्षा प्रबंधन, मूल्यांकन के नए तरीकों एवं शिक्षण अधिगम सामग्री (TLM) के प्रयोग पर भी विस्तार से चर्चा की जा रही है।

प्रशिक्षक के रूप में डीआरजी सालिकराम नायक, भुवनेश्वर चौहान, रंजीता चौहान अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वहीं बीआरजी के रूप में बेनी प्रसाद उरांव, लक्ष्मी ओगरे, मुरलीधर गुप्ता, हीरालाल सिदार, विष्णुचरण पांडा, सरिता श्रीवास्तव, शिशुपाल चौहान एवं शीलन सिदार द्वारा विषयवार प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

इस पांच दिवसीय प्रशिक्षण से शिक्षकों में नवीन शैक्षणिक दृष्टिकोण विकसित होने के साथ-साथ कक्षा शिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी, जिससे अंततः बच्चों के सीखने के स्तर में गुणात्मक सुधार सुनिश्चित हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button