बिग ब्रेकिंग: सारंगढ़ रोड पर भीषण सड़क हादसा, ओवरटेक के दौरान हुंडई कार ने स्कूटी को मारी टक्कर, दो की मौके पर मौत

रायगढ़/पुसौर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। रायगढ़–सारंगढ़ मुख्य मार्ग पर ग्राम तेतला के पास तेज रफ्तार हुंडई कार और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें एक नाबालिग बच्चे सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हुंडई कार रायगढ़ से सारंगढ़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान ओवरटेक करने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई और सामने से चंद्रपुर की ओर आ रही स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी सवार नाबालिग बच्चा करीब 20 फीट दूर उछलकर सड़क पर जा गिरा। दोनों स्कूटी सवारों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना दोपहर लगभग 1:30 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी। हादसे की सूचना मिलते ही पुसौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।



