महतारी वंदन योजना की राशि से महिलाओं ने कराया हरिनाम यज्ञ, छैलफोरा में गूंजे भक्ति के स्वर

बरमकेला। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत नौघटा के आश्रित ग्राम छैलफोरा में महिलाओं ने छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन में कर एक अनूठी मिसाल पेश की है। महिलाओं के सहयोग से गांव में लगातार दूसरी बार हरिनाम यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें पूरे गांव का माहौल भक्तिमय हो गया।
इस आयोजन में गांव की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता की राशि को एकत्रित कर महिलाओं ने भक्ति, श्रद्धा और आस्था के इस धार्मिक कार्यक्रम को सफल बनाया। हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन और भगवान के नाम का गुणगान करते हुए श्रद्धालु भक्तिमय वातावरण में लीन नजर आए।

कार्यक्रम में ग्राम की सरपंच संगीता वीरेंद्र पटेल भी शामिल हुईं। उन्होंने महिलाओं की धार्मिक आस्था, एकजुटता और सामूहिक सहभागिता की सराहना की।
गौरतलब है कि महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। छैलफोरा की महिलाओं ने इस योजना से प्राप्त राशि का उपयोग अपनी श्रद्धा और सामूहिक इच्छा के अनुरूप धार्मिक आयोजन में किया है।
हरिनाम यज्ञ का आयोजन होना गांव की धार्मिक परंपरा, महिला एकजुटता और आपसी सहयोग का प्रतीक बन रहा है। इस आयोजन से गांव में भक्ति और आध्यात्मिकता का संदेश प्रसारित हो रहा है।



