सारंगढ़ बिलाईगढ़

बरमकेला बाजार में कांग्रेस का ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ जनचौपाल में लोगों जागरूक किया

ग्रामीणों, व्यापारियों और आम नागरिकों को पोस्टर बांटकर मतदाता जागरूकता का दिया संदेश, केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल

बरमकेला। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत सोमवार, 16 नवंबर 2026 को बरमकेला ब्लॉक के साप्ताहिक बाजार में जनचौपाल एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष किशोर पटेल ने किया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बाजार में पहुंचे ग्रामीणों, व्यापारियों और आम नागरिकों को अभियान से संबंधित पोस्टर वितरित कर जागरूक किया।



जनचौपाल के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सरकार की कथित नाकामियों को आम जनता के सामने रखा। कांग्रेस पदाधिकारियों ने लोगों से सीधा संवाद कर महंगाई, बेरोजगारी, आम जनता की समस्याओं तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी। साथ ही लोगों को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के उद्देश्य और महत्व की जानकारी दी गई।



कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मताधिकार की रक्षा और निष्पक्ष मतदान प्रक्रिया बेहद जरूरी है। प्रत्येक नागरिक को अपने वोट की ताकत समझनी चाहिए। उन्होंने मतदाता सूची में नाम की जांच करने, मतदान के प्रति जागरूक रहने तथा लोकतांत्रिक अधिकारों के संरक्षण के लिए सजग रहने की अपील की।



ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष किशोर पटेल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए कांग्रेस ने बाजार में आने वाले ग्रामीणों और आम नागरिकों तक अपनी बात पहुंचाने का प्रयास किया। नेताओं ने अभियान को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, वरिष्ठ कांग्रेसजन एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button