सारंगढ़ बिलाईगढ़

किसानों का एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन, भाजपा किसान नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी

सारंगढ़-बिलाईगढ़। किसानों की विभिन्न समस्याओं और धान खरीदी से जुड़ी मांगों को लेकर 17 नवंबर 2026 को आंचलिक किसान संघ सरिया के बैनर तले किसानों ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने अपनी मांगों को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए भाजपा के किसान नेताओं के प्रति भी असंतोष व्यक्त किया। खुले मंच से किसानों ने ‘भाजपा किसान दलाल होश में आओ’ के नारे लगाकर अपना आक्रोश जताया। किसानों का कहना है कि उनकी समस्याओं को लेकर किसान नेताओं से जिस तरह के सहयोग और समर्थन की अपेक्षा थी, वह नहीं मिल रहा है।



धरना-प्रदर्शन के बाद किसानों ने कलेक्टर सारंगढ़-बिलाईगढ़ के नाम तहसीलदार सरिया के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर चार प्रमुख मांगें रखीं।

ज्ञापन में मांग की गई कि धान फसल का जो रकबा धान बिक्री पंजीयन में काटा गया है, उसे पुनः पंजीयन में जोड़ा जाए। धान खरीदी की अवधि बढ़ाकर 15 फरवरी 2027 तक की जाए। धान खरीदी का मूल्य वर्तमान 3100 रुपये प्रति क्विंटल के स्थान पर 3355 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए। इसके साथ ही पूर्ववर्ती सरकार की राजीव गांधी उन्नति योजना की बकाया चौथी किस्त का भुगतान शीघ्र किया जाए।

किसानों ने प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र निराकरण करने की अपील की है। उनका कहना है कि किसानों की मेहनत और आर्थिक स्थिति को देखते हुए सरकार को उनकी जायज मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

Related Articles

Back to top button