सारंगढ़ बिलाईगढ़

कटंगपाली क्षेत्र की सड़क बनी वाहन चालकों के लिए मुसीबत, खनिज विभाग की अनदेखी से बढ़ा अवैध परिवहन

कटंगपाली क्षेत्र में एक बार फिर डोलोमाइट पत्थर खदानों से अवैध खनन और खुले में परिवहन का कारोबार जोर पकड़ता नजर आ रहा है। खनिज विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी के चलते खदानों से ट्रैक्टरों के माध्यम से सरिया–बरमकेला मुख्य सड़क पर बेधड़क पत्थर का अवैध परिवहन किया जा रहा है। खुले ट्राली में पत्थर ढोए जाने के कारण उसके टुकड़े सड़क पर गिर रहे हैं, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

तहसील सरिया अंतर्गत कटंगपाली, छेलफोरा, नौघटा, बोंदामुड़ा, जोतपुर और मौहापाली क्षेत्र में डोलोमाइट की अवैध खदानों की भरमार है। इन खदानों से क्षमता से अधिक पत्थर लोड कर ट्रैक्टर-ट्राली के जरिए परिवहन किया जा रहा है। ट्रालियां खुली होने के कारण सड़क पर जगह-जगह पत्थर के टुकड़े बिखरे पड़े रहते हैं, जो दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रहे हैं। शाम होते ही ये टुकड़े दिखाई नहीं देते और वाहन चालकों के टायर क्षतिग्रस्त हो रहे हैं।

स्थिति यह है कि न तो खनिज विभाग इस गंभीर समस्या पर ध्यान दे रहा है और न ही पुलिस महकमे द्वारा कोई ठोस कार्रवाई की जा रही है। नतीजतन ट्रैक्टर मालिकों और चालकों की मनमानी चरम पर है।

खदानों में चलने वाले अधिकांश ट्रैक्टरों की ट्राली पर पंजीयन नंबर प्लेट तक नहीं लगी होती, वहीं कई चालकों के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं है। पूछताछ करने पर ये चालक विवाद पर उतारू हो जाते हैं। खास बात यह है कि अधिकतर ट्रैक्टर कृषि उपयोग के लिए पंजीकृत हैं, लेकिन वास्तविकता में इन्हें व्यवसायिक कार्यों में लगाया जा रहा है, इसके बावजूद कार्रवाई शून्य है।

एक्सीडेंट होने पर जवाबदारी किसकी होगी बीच सड़क में बड़े-बड़े पत्थर पड़े हुए हैं।

इस संबंध में सहायक खनिज अधिकारी सारंगढ़ बजरंग पैंकरा ने कहा कि मामले में कार्रवाई की जाएगी और कटंगपाली क्षेत्र में सब इंस्पेक्टर को भेजा जाएगा। क्षेत्रवासियों को अब ठोस कार्रवाई का इंतजार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button