
सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला विकासखंड में इस वर्ष आम के पेड़ों पर सामान्य से कहीं अधिक फूल (बौर) दिखाई दे रहे हैं। गांवों और खेतों में फैले आम के बगीचों में पेड़ पूरी तरह बौर से ढके हुए हैं, जिससे किसानों और आम प्रेमियों के चेहरे खिले हुए हैं। स्थानीय किसानों का मानना है कि यदि मौसम अनुकूल रहा और समय पर बारिश हुई तो इस साल आम की पैदावार काफी अच्छी हो सकती है।
किसानों के अनुसार पेड़ों पर बौर की मात्रा देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार आम का फलन अधिक होगा, जिससे बाजार में आम की आवक भी बढ़ सकती है। इससे न केवल उपभोक्ताओं को उचित दाम पर आम मिलने की संभावना है, बल्कि बागवानी से जुड़े किसानों की आय में भी बढ़ोतरी हो सकती है। क्षेत्र के लोग उम्मीद कर रहे हैं कि प्राकृतिक आपदाओं और रोग-कीट के प्रकोप से बचाव रहा तो बरमकेला ब्लाक इस साल आम उत्पादन के मामले में बेहतर प्रदर्शन करेगा।



