छत्तीसगढ़सारंगढ़ बिलाईगढ़

खरीदी केंद्रों में धान उठाव नहीं होने से प्रबंधक परेशान, खरीदी बंद होने से पहले बढ़ी चिंता

सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला ब्लॉक अंतर्गत दूरस्थ अंचलों में स्थित धान खरीदी केंद्रों में धान का उठाव नहीं होने से समितियों के प्रबंधक भारी परेशानी में हैं। धान खरीदी अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और कुछ ही दिनों में खरीदी प्रक्रिया बंद होने वाली है, लेकिन इसके बावजूद कई खरीदी केंद्रों से अब तक धान का उठाव नहीं हो पाया है।

बरमकेला ब्लॉक के समिति केंद्रों सहित अन्य केंद्रों में गोदामों में धान का भारी स्टॉक जमा है। इससे न केवल समितियों पर दबाव बढ़ रहा है, बल्कि धान की सुरक्षा को लेकर भी चिंता उत्पन्न हो गई है। प्रबंधकों का कहना है कि लगातार अधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी परिवहन और उठाव की प्रक्रिया में तेजी नहीं लाई जा रही है।

विशेष रूप से सेवा सहकारी समिति कालाखूंटा में अब तक एक भी बार धान का उठाव नहीं हुआ है। यहां किसानों द्वारा बेचा गया धान खुले और सीमित भंडारण व्यवस्था में रखा गया है, जिससे मौसम खराब होने या अन्य नुकसान की आशंका बनी हुई है। प्रबंधकों के अनुसार यदि समय रहते उठाव नहीं हुआ तो आगामी खरीदी सत्र और भुगतान प्रक्रिया पर भी असर पड़ सकता है।

धान खरीदी बंद होने के बाद यदि केंद्रों में धान जमा रहा तो जिम्मेदारी किसकी होगी, इसको लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। समिति प्रबंधकों ने प्रशासन से जल्द से जल्द धान उठाव की मांग की है ताकि किसानों, समितियों और शासन तीनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या पर कब तक ठोस कार्रवाई करता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button