भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार सुकमा पहुंचे किरण देव, लोकसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ की 11 सीटों पर जीत करने का किया दावा

सुकमा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद किरण देव आज पहली बार सुकमा पहुंचे। नगर आगमन के बाद सबसे पहले किरण देव रामाराम स्थित कुलदेवी माता रामारामीन चिटमीटिन देवी के दर्शन करने पहुंचे। पूजा अर्चना के बाद प्रदेश की खुशहाली के लिए प्रार्थना किया। इसके बाद वे जिला मुख्यालय पहुंचे जहां भाजपा कार्यकर्ताओं समेत सर्व समाज ने जगह—जगह उनका भव्य स्वागत किया। पटनमपारा में मुस्लिम समाज ने भी भव्य स्वागत किया किरण देव के स्वागत में जमकर आतिशबाजी की। भाजपा कार्यकर्ता और समर्थकों ने प्रदेश अध्यक्ष का बस स्टेंड परिसर में लड्डुओं से तौला।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए भाजपा अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने उनपर जो भरोसा जताया है उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास किया जाएगा। प्रदेश की 11 सीटों पर 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा जीत दर्ज करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आने वाले दिनों में प्रदेश की जनता को मिलेगा। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बीते 5 सालों में कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ की जनता को विकास से दूर रखा। 15 साल में भाजपा शासन में जो विकास हुआ था वह पांच वर्षों में रुक स गया था। भाजपा सरकार बनने के बाद पुन: तेज गति से प्रदेश के अंतिम गांव तक विकास पहुंचाने का काम किया जाएगा।