
डोंगरगांव/थाना क्षेत्र के ग्राम आमगांव के दुलार माई पहाड़ी में पेड़ से लटके हुए दो अज्ञात शव मिले हैं। प्रारंभिक जांच में सामूहिक आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। दोनों शव काफी समय से पेड़ पर लटके होने के कारण कंकाल में तब्दील हो चुके हैं, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
पुलिस का अनुमान है कि ये शव लगभग डेढ़ महीने पुराने हो सकते हैं। दोनों शव युवतियों के लग रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। देर शाम पंचनामा के बाद शवों को पहाड़ी से नीचे लाया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि लगभग दो महीने पहले इस क्षेत्र से दो युवतियां लापता हुई थीं। पुलिस इस आशंका पर भी जांच कर रही है कि ये शव उन्हीं युवतियों के हो सकते हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस ने इस मामले में मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। बुधवार तक इस मामले के खुलासे की उम्मीद है।



