ग्राम बेंगची में श्रीराम कथा का पंचम दिवस, राम-जानकी विवाह की भव्य प्रस्तुति

बरमकेला तहसील के ग्राम बेंगची, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ में आयोजित श्रीराम कथा के पंचम दिवस पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। अयोध्या धाम से पधारीं पूज्या प्रगति पाण्डेय जी के मुखारविंद से प्रवाहित श्रीराम कथा का रसपान करने के लिए आसपास के दर्जनों गांवों से सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचे। कथा स्थल पर “रघुपति राघव राजा राम” एवं “सिया राम सिया राम” जैसे भजनों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
पंचम दिवस के अवसर पर मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम और माता जानकी के विवाह प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया गया। इस अवसर पर सुंदर-सुंदर झांकियों की प्रस्तुति हुई, जिसे देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। छत्तीसगढ़ और ओड़िशा की लोकसंस्कृति की झलक भी देखने को मिली, जहां मातृशक्ति द्वारा की गई पारंपरिक “हुलहुली” से कथा वाचिका प्रगति पाण्डेय जी अत्यंत प्रसन्न हुईं। “हरि बोल” और हुलहुली के जयघोष से पूरा पंडाल गूंज उठा।

राम-जानकी विवाह के साक्षी के रूप में कैलाश पंडा (प्रदेश संयोजक, कृषि व्यवसाय प्रकल्प, किसान मोर्चा छत्तीसगढ़), मनोहर पटेल (जिला उपाध्यक्ष भाजपा, सारंगढ़-बिलाईगढ़), अरविंद पटेल (महामंत्री भाजपा मंडल बरमकेला) एवं राजू नायक (पार्षद, नगर पंचायत बरमकेला) उपस्थित रहे। मंच से कैलाश पंडा जी ने आशीर्वाद लेकर “राम नाम सत्य है” के महत्व पर संक्षिप्त उद्बोधन दिया। इस अवसर पर उन्होंने और मनोहर पटेल जी ने प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी समिति को सहयोग राशि प्रदान की तथा श्रीराम युवा समिति की सराहना करते हुए ग्रामीणजनों को धन्यवाद और शुभकामनाएं दीं।



