छत्तीसगढ़सारंगढ़ बिलाईगढ़

बरमकेला के कोठीखोल क्षेत्र से राष्ट्रीय गौरव तक: शिक्षक जुगेन्द्र प्रसाद साहू की प्रेरक सफलता

सारंगढ़–बिलाईगढ़।
सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला विकासखंड अंतर्गत कोठीखोल क्षेत्र के ग्राम झीकीपाली से निकलकर एक साधारण किसान परिवार में जन्मे श्री जुगेन्द्र प्रसाद साहू ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन से पूरे छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि राष्ट्र को गौरवान्वित किया है। वे वर्तमान में शासकीय माध्यमिक शाला चांटीपाली, विकासखंड बरमकेला में शिक्षक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं तथा एक कुशल योगाचार्य और राष्ट्रीय स्तर के एथलीट भी हैं।

श्री साहू का जन्म ग्राम झीकीपाली (कोलतापारा) में हुआ। उनके पिता श्री नरोत्तम साहू एक साधारण किसान हैं। बचपन से ही जुगेन्द्र प्रसाद साहू की रुचि खेल और योगाभ्यास में रही। उन्होंने आठवीं कक्षा से दौड़ की शुरुआत की और प्रतिदिन लगभग 16 किलोमीटर नियमित अभ्यास किया। उस समय उचित मार्गदर्शन के अभाव में खेल से दूरी बनी, किंतु खेल के प्रति उनका जुनून कभी समाप्त नहीं हुआ।

उनकी प्राथमिक शिक्षा ग्राम झीकीपाली में, हाई स्कूल शिक्षा डोंगरीपाली में तथा महाविद्यालयीन शिक्षा रायगढ़ में पूर्ण हुई। इसके पश्चात बी.टी.आई. प्रशिक्षण के लिए वे जयपुर गए। वर्ष 1998 से वे शासकीय शिक्षक एवं योग गुरु के रूप में सारंगढ़ और रायगढ़ जिलों में निःशुल्क सेवा भी प्रदान कर रहे हैं।

हाल ही में ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025-26, बिहार में उन्होंने छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया। इसके साथ ही ऑल इंडिया मास्टर स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2025-26 में 200 मीटर स्प्रिंट में गोल्ड मेडल तथा 50 व 100 मीटर स्प्रिंट में सिल्वर मेडल जीतकर राज्य का नाम रोशन किया। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर वे इंटरनेशनल एथलेटिक चैंपियनशिप, थाईलैंड 2025-26 के लिए भी क्वालिफाई हुए हैं।



उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर परिवारजनों, शिक्षा विभाग और क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button