छत्तीसगढ़सारंगढ़ बिलाईगढ़

विभागीय लापरवाही से मुख्य सड़क पर शुरू हुई फ्लाईऐश की अवैध डंपिंग, हादसों का बढ़ा खतरा

बरमकेला
चंद्रपुर–सरिया मुख्य सड़क के अंतर्गत मानिकपुर बड़े के पास इन दिनों फ्लाईऐश की अवैध डंपिंग खुलेआम की जा रही है। कंपनियां और ट्रांसपोर्टर निर्धारित डंपिंग यार्ड तक फ्लाईऐश पहुंचाने के बजाय बीच रास्ते में ही सड़क किनारे गिरा दे रहे हैं। इससे न केवल सड़क की हालत खराब हो रही है, बल्कि राहगीरों और वाहन चालकों की जान पर भी खतरा मंडराने लगा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित विभागों की लापरवाही और मिलीभगत के कारण यह अवैध खेल अब मुख्य सड़क तक पहुंच गया है।

कटंगपाली–नौघटा क्षेत्र में फ्लाईऐश वाहनों का लगातार विरोध हो रहा है। ग्रामीणों द्वारा कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें किए जाने के बावजूद प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसी का नतीजा है कि फ्लाईऐश ढोने वाले ट्रांसपोर्टर्स की मनमानी बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को मानिकपुर बड़े के पास मुख्य सड़क पर फ्लाईऐश डंप कर दिया गया, जिससे आवागमन बाधित हुआ और वाहनों को निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मुख्य सड़क पर फ्लाईऐश की डंपिंग न केवल यातायात समस्या है, बल्कि यह गंभीर पर्यावरणीय और कानूनी मुद्दा भी है। फ्लाईऐश के उड़ते कणों से हवा प्रदूषित हो रही है, वहीं बारिश के दौरान यह नालों और जल स्रोतों में बहकर जल प्रदूषण को बढ़ा रहा है। कटंगपाली–नौघटा क्षेत्र के ग्रामीण पहले से ही सांस, आंख और त्वचा से जुड़ी बीमारियों से परेशान हैं। अब सड़क पर खुलेआम फ्लाईऐश गिराए जाने से हालात और भी बदतर होते जा रहे हैं।

इस मामले में जब पर्यावरण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी अंकुर साहू से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने फोन कॉल का जवाब नहीं दिया। मैसेज भेजे जाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिससे अधिकारियों की उदासीनता साफ झलकती है।

कंपनी अधिकारियों और ट्रांसपोर्टरों की सांठगांठ का आरोप
बड़े भंडार स्थित एक कंपनी से निकलने वाले फ्लाईऐश को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कंपनी के अधिकारी और ट्रांसपोर्टर्स आपसी सांठगांठ के तहत अवैध डंपिंग करा रहे हैं। आरोप यह भी है कि जीपीएस सिस्टम से छेड़छाड़ कर या फिर कमीशन लेकर फ्लाईऐश को जहां-तहां गिरा दिया जा रहा है, ताकि परिवहन खर्च और समय की बचत की जा सके।

शिकायतों पर नहीं हो रही कार्रवाई
फ्लाईऐश की अवैध डंपिंग को लेकर जनपद सदस्य पूजा चौहान, ग्राम नौघटा के राजेश वैष्णव सहित अन्य ग्रामीणों ने पर्यावरण मंडल रायगढ़ और खनिज विभाग सारंगढ़-बिलाईगढ़ में लिखित शिकायतें दर्ज कराई हैं। बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे नाराज होकर पिछले दिनों नौघटा के ग्रामीणों ने फ्लाईऐश वाहनों को करीब छह घंटे तक रोक दिया था। बाद में रात करीब 10 बजे सरिया पुलिस की समझाइश के बाद वाहनों को छोड़ा गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि खनिज विभाग और पर्यावरण विभाग के कुछ अधिकारियों की अनुमति और संरक्षण में बरमकेला क्षेत्र में फ्लाईऐश डंपिंग कराई जा रही है। सड़कों पर फ्लाईऐश गिराए जाने से फिसलन बढ़ रही है और दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है। लोगों ने मांग की है कि अवैध डंपिंग पर तत्काल रोक लगाई जाए, दोषी कंपनियों और अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई हो तथा सड़क और पर्यावरण को सुरक्षित किया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button