छत्तीसगढ़सारंगढ़ बिलाईगढ़

बरमकेला तहसील में गिरदावरी और डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य प्रारंभ

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में किसानों की फसल का सटीक आकलन और अभिलेख तैयार करने के लिए गिरदावरी एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य प्रारंभ हो चुका है। जिले के कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देशानुसार तथा तहसीलदार पुष्पेंद्र कुमार राज के मार्गदर्शन में बरमकेला तहसील अंतर्गत सभी ग्रामों में यह कार्य तेजी से चल रहा है।



तहसीलदार ने सभी पटवारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शत-प्रतिशत किसानों की गिरदावरी सुनिश्चित की जाए और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने यह भी कहा है कि यदि किसी स्तर पर अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

1 अगस्त 2025 से 30 सितंबर 2025 तक चलने वाले इस अभियान में प्रत्येक ग्राम पंचायत के लिए सर्वेयर नियुक्त किए गए हैं। ये सर्वेयर किसानों के खेतों में जाकर फसल की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण कर रहे हैं और मोबाइल एप के माध्यम से खेत का फोटो लेकर उसे ऑनलाइन अपलोड कर रहे हैं। अपलोड किए गए विवरण की पुष्टि पटवारी स्वयं मौके पर जाकर करेंगे और खसरा वार फसल की स्थिति का मिलान कर सही-गलत की पुष्टि करेंगे।

डिजिटल क्रॉप सर्वे की विशेषता यह है कि अब फसल संबंधी जानकारी पारदर्शी और ऑनलाइन उपलब्ध होगी। किसान किस खसरे में कौन सी फसल बोया है, उसका रिकॉर्ड सटीक रूप से दर्ज होगा। यह भविष्य में फसल बीमा, राहत वितरण तथा योजनाओं का लाभ देने में सहायक सिद्ध होगा।

तहसीलदार पुष्पेंद्र कुमार राज ने किसानों से अपील की है कि वे अपने-अपने खेतों में सर्वेयर और पटवारी के साथ सहयोग करें तथा गिरदावरी और डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य को सफल बनाने में भागीदारी निभाएं। यदि किसी किसान को इस प्रक्रिया में कोई समस्या आती है तो वह सीधे तहसील मुख्यालय में सूचना देकर समाधान प्राप्त कर सकता है।

ग्राम स्तर पर चल रहे इस कार्य से उम्मीद की जा रही है कि जिले के सभी किसानों का अद्यतन फसल रिकॉर्ड तैयार होगा और भविष्य में कृषि योजनाओं की पारदर्शिता तथा लाभ की गारंटी सुनिश्चित होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button