युक्तियुक्तकारण का खेल अब सामने आ रहा है। एक शिक्षक, तीन कक्षाएं और छह विषय – पालकों ने डभरा स्कूल में जड़ा ताला

सारंगढ़। शासकीय माध्यमिक विद्यालय डभरा में शिक्षकों की घोर कमी के चलते पालकों का आक्रोश फूट पड़ा है। मंगलवार को नाराज पालकों ने स्कूल गेट में ताला जड़ दिया। उनका कहना है कि पिछले तीन वर्षों से केवल एक शिक्षक के भरोसे 21 बच्चों की पढ़ाई चल रही है। इस एकमात्र शिक्षक के जिम्मे छठवीं से आठवीं तक की तीनों कक्षाओं में छह विषय पढ़ाने की जिम्मेदारी है।

पालकों का सवाल है कि आखिर एक शिक्षक इतने सारे विषयों को तीन कक्षाओं में किस तरह पढ़ा सकता है? इससे बच्चों की शिक्षा का स्तर लगातार गिर रहा है। वहीं, विकासखंड शिक्षा अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी इस गंभीर स्थिति से पूरी तरह अनजान बने हुए हैं या फिर जानबूझकर अनदेखी कर रहे हैं।
स्थिति से नाराज अभिभावकों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शासन-प्रशासन बच्चों के भविष्य को लेकर शीघ्र कोई ठोस कदम नहीं उठाता है, तो वे बड़े आंदोलन की राह पकड़ेंगे। पालकों ने मांग की है कि तत्काल स्कूल में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति की जाए ताकि बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो।
यह मामला क्षेत्रीय शिक्षा व्यवस्था की खामियों को उजागर करता है और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए त्वरित समाधान की आवश्यकता को रेखांकित करता है।

शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राज किशोर पटेल मौके पर मौजूद हैं। साथ ही सभी पालक और बच्चों बैग पकड़ कर उपस्थित है।
धनंजय पटेल सीएससी लोधिया के द्वारा मौके पर स्कूल पहुंचकर पालकों को समझाइए दिया गया की शिक्षक की व्यवस्था की जाएगी पालकों ने 2 दिन का समय दिया है। तभी स्कूल को खोला गया है।



