बरमकेला विकास कार्य बना राजनीतिक घमासान का केंद्र, सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप तेज

सारंगढ़-बिलाईगढ़ – जिले के बरमकेला क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर चल रहा विवाद अब प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बरमकेला द्वारा क्षेत्र के साथ सौतेले व्यवहार के विरोध में जिला प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने फेसबुक पर साझा किया। उन्होंने लिखा कि बरमकेला क्षेत्र के साथ विकास में सौतेला व्यवहार किया जा रहा है, जिससे स्थानीय जनता को नुकसान हो रहा है।

इस पोस्ट के जवाब में प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने अपने फेसबुक पेज पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पिछले 50 वर्षों में सरिया क्षेत्र में कोई ठोस विकास कार्य नहीं हुए, जबकि उनके 5 साल के कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि क्षेत्र की उपेक्षा की जड़ें पूर्ववर्ती सरकारों की नीतियों में छिपी हैं।
इस मुद्दे ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच घमासान छेड़ दिया है। फेसबुक और व्हाट्सएप पर दोनों दलों के नेता और कार्यकर्ता एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। जहां कांग्रेस विकास के असमान वितरण की बात कर रही है, वहीं भाजपा पिछली सरकारों के कार्यों पर सवाल उठा रही है।
बरमकेला क्षेत्र में यह मुद्दा अब सिर्फ स्थानीय नहीं रहा, बल्कि प्रदेश की राजनीति का बड़ा विषय बन गया है।



