युक्तियुक्तकरण के खिलाफ कांग्रेस ने खोला मोर्चा, बीईओ कार्यालय का किया घेराव

बरमकेला। प्रदेश सरकार द्वारा शालाओं के युक्तियुक्तकरण के निर्णय के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोलते हुए सोमवार को ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय बरमकेला का घेराव किया। यह विरोध प्रदर्शन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बरमकेला के अध्यक्ष ताराचंद पटेल के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
धरना प्रदर्शन के दौरान भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जनपद पंचायत बरमकेला के पास एकत्र हुए और वहां से पैदल मार्च करते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रशासन द्वारा शिक्षा कार्यालय की सुरक्षा के लिए चारों ओर बेरिकेट्स लगाए गए थे और कार्यकर्ताओं को कार्यालय के भीतर जाने से रोक दिया गया। इस दौरान बीईओ को बुलाकर प्रदर्शनकारियों ने युक्तियुक्तकरण की अनियमितताओं पर जवाब-तलबी की, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद पटेल ने कहा कि यह युक्तियुक्तकरण प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को ध्वस्त करने वाला निर्णय है। यह नई भर्ती न करने का एक तरीका है जिससे प्रदेश की 10,463 शालाएं प्रभावित हो रही हैं और लगभग 45,000 शिक्षकों की कमी की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा सरकार के आते ही स्कूल क्यों बंद होते हैं, यह आम जनता के लिए सोचने का विषय है।

बरमकेला ब्लॉक में 8 विद्यालयों का मर्ज किया गया है, वहीं 128 शिक्षक अतिशेष बताए जा रहे हैं। इनमें सहायक शिक्षक, प्रधान पाठक, व्याख्याता आदि शामिल हैं। साथ ही कई एकल शिक्षकीय विद्यालयों में समायोजन की प्रक्रिया चल रही है। मर्ज की गई शालाओं में मसानकुड़ा, सराईपाली, ढोसरबहाल, डीपा तौंसीर और बड़े नावापारा जैसे स्कूल शामिल हैं।

इस अवसर पर ब्लाक कांग्रेस कमेटी बरमकेला अध्यक्ष ताराचंद पटेल, जनपद पंचायत बरमकेला के पूर्व उपाध्यक्ष किशोर पटेल, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि मनोहर नायक, नगर पंचायत उपाध्यक्ष राजू नायक,जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि ओमप्रकाश चौहान, जनपद पंचायत पूर्व अध्यक्ष प्रतिनिधि अरुण शर्मा, कन्हैया लाल सारथी, महेश देहरी, सालिकराम नायक, सुशील नायक, दुर्गेश पटेल, सत्या निषाद, महेश नायक, बंटी साहू, मनोज पटेल, भरत नायक, प्रेमलाल सिदार, नोबेल पटेल, नवीन इजारदार दिगम्बर नायक, सम्पत बरिहा, माधव चौहान, विजय पटेल, लखपति भोई, मनोरंजन भोई, बसंत पटेल, भीष्मदेव सिदार, नैमिष पटेल, डिलेश्वर पटेल, शिवप्रसाद साहू, सुभाष महराज, पवन नायक सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
,


