
*व्यापारिक व सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान को मिली सराहना*
बरमकेला।
राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस के अवसर पर कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के जिलाध्यक्ष रतन शर्मा को उनके द्वारा व्यापारिक एवं सामाजिक क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट और सराहनीय कार्यों के लिए भव्य समारोह में सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें स्थानीय प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में प्रदान किया गया।

आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रायगढ़ सांसद श्री राधेश्याम राठिया, विधायक श्रीमती उत्तरी जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पाण्डेय, कलेक्टर डॉ. संजय कन्नोजे एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से श्री शर्मा को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उनके द्वारा व्यापारियों के हित में किए गए कार्यों, सामाजिक सहभागिता एवं जनकल्याणकारी प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई।
सम्मान प्राप्त करने के पश्चात कैट जिलाध्यक्ष रतन शर्मा ने इस उपलब्धि के लिए सभी अतिथियों, प्रशासन, संगठन के पदाधिकारियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें आगे भी समाज और व्यापारियों के हित में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, व्यापारीगण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे। पूरे समारोह का वातावरण देशभक्ति और गौरव से ओतप्रोत रहा।



