जल जीवन मिशन में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर, 356 गांवों में हर घर पहुंच रहा शुद्ध पानी

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला छत्तीसगढ़ प्रदेश में दूसरे स्थान पर है। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू एवं कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी रमाशंकर कश्यप के नेतृत्व में जिले के 356 ग्रामों में हर घर जल योजना के तहत घर-घर शुद्ध पेयजल पहुंचाया जा रहा है। शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ अंतिम छोर के परिवारों तक पहुंचने से ग्रामीणों में खुशी है।

जन जल जागरूकता पखवाड़ा के अंतर्गत सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले में ग्राम सभा का आयोजन किया जा रहा है । इस दौरान जल अर्पण दिवस एवं जन जल जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को जल जीवन मिशन की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में योजना के संचालन एवं संधारण, प्रतिमाह जल कर जमा करने, जल के महत्व, जल संचयन तथा जल स्रोतों के आसपास साफ-सफाई रखने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही हैंडपंप एवं प्रत्येक घर में सोख्ता गड्ढा बनाने, इसके लाभ तथा अधिक से अधिक स्थानीय पेड़ लगाने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने जल संरक्षण एवं योजना के बेहतर संचालन में सहयोग का संकल्प लिया।



