सारंगढ़ पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल में परीक्षा से वंचित करने पर बवाल, NSUI का धरना

सारंगढ़।
सारंगढ़ स्थित पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में आज उस समय जमकर हंगामा हुआ, जब कुछ छात्र-छात्राओं को प्रैक्टिकल परीक्षा में बैठने से रोक दिया गया। बताया जा रहा है कि स्कूल प्रबंधन द्वारा कुछ विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र निष्कासित कर दिए गए, जिससे परीक्षा देने पहुंचे बच्चे मानसिक रूप से परेशान हो गए। अचानक परीक्षा से बाहर किए जाने की जानकारी मिलते ही छात्रों ने छात्र संगठन NSUI को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने पर NSUI जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा अपनी टीम के साथ तत्काल स्कूल पहुंचे। उन्होंने परीक्षा से वंचित किए गए विद्यार्थियों के समर्थन में स्कूल गेट के सामने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने स्कूल प्राचार्य के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और किसी भी छात्र को परीक्षा से वंचित न करने की मांग की। मौके पर छात्रों, संगठन पदाधिकारियों और स्कूल प्रबंधन के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली।
प्रदर्शन के दौरान स्कूल प्राचार्य एल.पी. पटेल ने स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया और बच्चों को परीक्षा से बाहर किए जाने का कारण बताया। प्राचार्य का कहना था कि जिन विद्यार्थियों की स्कूल में नियमित उपस्थिति नहीं थी और जिनका उपस्थिति प्रतिशत कम पाया गया, उन्हें सुधार के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
वहीं NSUI और छात्रों का आरोप है कि कई ऐसे विद्यार्थी भी हैं, जिनकी उपस्थिति कम होने के बावजूद उन्हें परीक्षा में बैठने दिया गया, जबकि कुछ चुनिंदा छात्रों को ही बाहर किया गया। इसी भेदभाव के आरोप को लेकर विवाद और गहरा गया।
अंततः प्राचार्य द्वारा मामले को उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाने और उचित समाधान का आश्वासन दिए जाने के बाद धरना समाप्त हुआ। फिलहाल छात्र और संगठन इस पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



