“मोदी की गारंटी लागू करो” के तहत छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन का जिला स्तरीय कलम बंद–काम बंद आंदोलन

रायपुर/छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के आह्वान पर प्रदेश भर में “मोदी की गारंटी लागू करो” अभियान के तहत तीसरे चरण का जिला स्तरीय कलम बंद–काम बंद आंदोलन 29 से 31 दिसंबर 2025 तक आयोजित किया जाएगा। इस आंदोलन का उद्देश्य लंबे समय से लंबित कर्मचारियों की मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकृष्ट करना है। फेडरेशन का कहना है कि शासन द्वारा पूर्व में किए गए वादों के बावजूद कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है, जिससे कर्मचारियों में भारी असंतोष व्याप्त है।

फेडरेशन ने अपनी 11 सूत्रीय प्रमुख मांगों को आंदोलन के केंद्र में रखा है। इनमें केंद्र के समान महंगाई भत्ता (DA) लागू करना, DA एरियर्स को GPF खाते में समायोजित करना, चार स्तरीय समयमान वेतनमान देना, विभिन्न विभागों की वेतन विसंगतियों को दूर करना, प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना, पंचायत सचिवों का शासकीयकरण, तृतीय समयमान वेतनमान, अनुकंपा नियुक्ति नियमों में शिथिलीकरण, कैशलेस उपचार सुविधा, 300 दिन का अर्जित अवकाश नकदीकरण, संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण की नीति तथा सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने जैसी मांगें शामिल हैं।

संयुक्त अपील में फेडरेशन ने सभी कर्मचारियों-अधिकारियों से अपील की है कि वे आंदोलन के दौरान सामूहिक अवकाश लेकर जिला मुख्यालयों में आयोजित रैली व धरना प्रदर्शन में भाग लें। साथ ही सोशल मीडिया व स्थानीय माध्यमों से आंदोलन को व्यापक समर्थन दिलाने का आह्वान किया गया है।
फेडरेशन ने स्पष्ट किया है कि यदि शासन द्वारा मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। अंत में कर्मचारियों ने एकजुट होकर सरकार से वादा निभाने और “गारंटी” को धरातल पर उतारने की मांग की है।
सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य संगठन एकजुट होकर धरना प्रदर्शन शामिल होकर अपने आवाज को बुलंद किया गया।
बाइट सुभाष चौहान प्रधान पाठक देवगांव



