# चाकू से युवक की हत्या के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, एक अपचारी बालक अभिरक्षा में

**पुरानी रंजिश के चलते दिया वारदात को अंजाम, मुख्य आरोपी ने सीने और पेट पर किए थे चाकू से वार; हत्या में प्रयुक्त चाकू और जले कपड़ों के अवशेष बरामद**
**सारंगढ़।** जिले के कोसीर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भांठागांव में युवक संजय सुमन की निर्मम हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अपचारी बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और घटना के बाद जलाए गए कपड़ों के अवशेष भी बरामद किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक संजय सुमन ग्राम भांठागांव में रंजीता तालाब के नीचे मुख्य मार्ग के पास घायल अवस्था में मिला था। उसके सीने, पेट, पसली और बाएं हाथ की कलाई पर धारदार हथियार से गंभीर चोटें थीं। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण चाकू के घावों से उत्पन्न रक्तस्रावी आघात पाया गया तथा मौत को हत्यात्मक बताया गया।
जांच के दौरान पुलिस को पुराने विवाद और आपसी रंजिश की जानकारी मिली। पूछताछ में सामने आया कि 8 नवंबर 2026 की रात करीब 9 से 10 बजे संजय अपने दोस्त के घर से साइकिल लेकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान साहिल सुमन, पंकज जोल्हे और एक अपचारी बालक स्कूटी से उसका पीछा कर रहे थे। हीरा हार्डवेयर के आगे साहिल ने चाकू से संजय के सीने और पेट पर कई वार किए। वहीं पंकज ने उसके पैर और अपचारी बालक ने हाथ पकड़ रखे थे।
घटना के बाद तीनों आरोपी अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए। पुलिस ने 11 नवंबर को साहिल के मेमोरेंडम के आधार पर चाकू बरामद किया। साथ ही अजय खूटे के नवनिर्मित मकान के पीछे से जले कपड़ों के अवशेष और राख जब्त की गई।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के दिशा-निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र कुमार पटेल और एसडीओपी गोविन्द सिंह दीवान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी आर.एन. साय के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर प्रस्तुत किया गया, वहीं अपचारी बालक के संबंध में आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई।



