*सफाईकर्मियों के घर भी जगमगाई दीपावली,रतन शर्मा ने बांटी खुशियों की सौगात*

*दो दर्जन से अधिक सफाईकर्मियों का शाल-श्रीफल से किया सम्मान, साड़ी, शर्ट, मिठाई, कप सेट और नगद राशि भेंटकर मनाया दीपावली का पर्व*
**बरमकेला।** दीपावली का पर्व खुशियों, उल्लास और आपसी प्रेम का प्रतीक है। इस पावन अवसर पर जहां हर कोई अपने घर-आंगन को दीपों और रोशनी से सजाकर त्योहार मनाता है, वहीं नगर को स्वच्छ, सुंदर और रोशन बनाने में दिन-रात जुटे रहने वाले सफाईकर्मियों के जीवन में भी खुशियों का उजाला लाने की एक सराहनीय पहल देखने को मिली।
नगर की गलियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाईकर्मियों की दीपावली भी खुशियों से सराबोर हो, इसी भावना के साथ बरमकेला के सुप्रसिद्ध समाजसेवी एवं कैट के जिलाध्यक्ष **रतन शर्मा** ने उनकी सुध लेते हुए दीपावली के अवसर पर आत्मीय सम्मान एवं उपहार वितरण का आयोजन किया।

इस अवसर पर रतन शर्मा ने दो दर्जन से अधिक सफाईकर्मियों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। साथ ही महिला सफाईकर्मियों को साड़ी तथा पुरुष सफाईकर्मियों को शर्ट, मिठाई, कप सेट और नगद राशि भेंटकर उनके परिवारों की दीपावली को खुशियों से भरने का प्रयास किया। सम्मान और उपहार पाकर सफाईकर्मियों के चेहरे खिल उठे। उनके लिए यह अवसर केवल उपहार पाने का नहीं, बल्कि समाज में अपने श्रम, समर्पण और योगदान के प्रति सम्मान मिलने का भी था।
इस पूरे आयोजन में एक और भावुक कर देने वाला पहलू देखने को मिला। रतन शर्मा की नन्हीं पोती अनमोल की आत्मीय सहभागिता ने इस पहल को और भी खास बना दिया। सफाईकर्मियों ने रतन शर्मा और नन्हीं अनमोल के इस स्नेहपूर्ण व्यवहार की दिल खोलकर सराहना की तथा भावुक होकर उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर रतन शर्मा ने कहा कि सफाईकर्मी हमारे नगर की स्वच्छता और सुंदरता के असली नायक हैं। वे स्वयं दूसरों के घरों और नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। ऐसे में त्योहार के अवसर पर उनके परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लाना हम सभी का सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों और मेहनतकश लोगों के बीच खुशियां बांटने तथा उनके सम्मान के लिए किए गए ऐसे सेवा कार्यों से उन्हें आत्मिक सुख और संतुष्टि मिलती है।
उन्होंने यह भी संदेश दिया कि त्योहारों की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब हमारी खुशियों में समाज के हर वर्ग की भागीदारी हो और कोई भी व्यक्ति स्वयं को उपेक्षित महसूस न करे।
रतन शर्मा की इस आत्मीय पहल ने यह साबित किया कि दीपावली की असली रोशनी केवल दीपक और झालरों से नहीं, बल्कि किसी के जीवन में सम्मान, अपनापन और खुशियां बांटने से फैलती है। नगर को रोशन करने वाले सफाईकर्मियों के घरों में भी दीपावली की खुशियां पहुंचाने का यह प्रयास सामाजिक संवेदनशीलता, मानवीयता और सेवा भावना की एक सुंदर मिसाल बन गया।




