राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षिका के पुत्र आयुष सिदार के असामयिक निधन पर कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन बरमकेला ने जताया गहरा शोक

19 वर्षीय आयुष के निधन से बरमकेला अंचल में शोक की लहर, परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन
बरमकेला। राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित प्रधान पाठक श्रीमती सरिता सिदार एवं प्रधान पाठक श्री गणेश राम सिदार के ज्येष्ठ पुत्र आयुष सिदार (19 वर्ष) के हृदयाघात से अचानक असामयिक निधन की खबर से पूरे बरमकेला अंचल में शोक की लहर व्याप्त है। दीपावली के उल्लास के बीच इस दुखद घटना ने क्षेत्रवासियों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
आयुष बचपन से ही खेलकूद के क्षेत्र में प्रतिभाशाली रहे। स्केटिंग, स्विमिंग एवं क्रिकेट में अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा के दम पर उन्होंने चैंपियन के रूप में सम्मान प्राप्त किया था तथा अपने माता-पिता और बरमकेला अंचल का नाम गौरवान्वित किया था। उनके असामयिक निधन से क्षेत्र के खेलप्रेमियों एवं खिलाड़ियों में भी गहरा दुःख है। सभी आयुष की प्रतिभा, उपलब्धियों एवं मिलनसार व्यक्तित्व को याद कर भावुक हो रहे हैं।
इस दुःखद अवसर पर छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन बरमकेला के तह संयोजक सुभाष चौहान, ब्लॉक संयोजक नंदकिशोर पटेल, सह संयोजक विजय भारती, सह संयोजक भुवन चौहान, सह संयोजक महसूराम दीपक तथा राष्ट्रीय कबड्डी संघ के प्रतिनिधि रमेश वर्मा ने शोकाकुल परिवार से भेंट कर गहरी संवेदना व्यक्त की।
फेडरेशन के प्रतिनिधियों ने इस कठिन एवं दुःखद समय में परिवार के साथ खड़े रहने तथा हरसंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन बरमकेला ने आयुष सिदार के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने हेतु ईश्वर से प्रार्थना की।



