सारंगढ़ बिलाईगढ़

छत्तीसगढ़ के निर्माता अटल बिहारी वाजपेयी की विशाल प्रतिमा स्थापित करने की मांग

मनोज मेहर ने जगन्नाथ पाणिग्राही को सौंपा मांग पत्र

सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता एवं भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से लोकतंत्र प्रहरी-छत्तीसगढ़ के जिला अध्यक्ष मनोज मेहर ने महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता श्री जगन्नाथ पाणिग्राही जी को पत्र सौंपकर महानदी, मांड एवं केलो नदी के पवित्र त्रिवेणी संगम स्थल पर स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की विशाल प्रतिमा स्थापित करने की मांग की है।



अपने मांग पत्र में मनोज मेहर ने उल्लेख किया है कि छत्तीसगढ़ के दो जिलों को जोड़ने वाला 1.82 किलोमीटर लंबा नदीगांव -सुरजगढ़ पुल प्रदेश के विकास और आपसी संपर्क का महत्वपूर्ण प्रतीक है। वहीं चित्रोत्पला गंगा तट पर स्थित यह पवित्र क्षेत्र अपनी ऐतिहासिक, धार्मिक एवं आध्यात्मिक पहचान के लिए प्रसिद्ध है। यहां महानदी, मांड और केलो नदी का पवित्र संगम होता है।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि संगम स्थल के पश्चिम दिशा में मां चंद्रहासिनी का पवित्र मंदिर स्थित है, जहां श्रद्धालुओं की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। ऐसे ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले स्थल पर स्थित टापू में स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की विशाल प्रतिमा स्थापित करना छत्तीसगढ़ की जनता के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय होगा।

भारत माता पब्लिक स्कूल सरिया के संचालक एवं भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक  जुगल किशोर अग्रवाल, लोकतंत्र प्रहरी जिला सारंगढ़ बिलाईगढ़ के जिलाध्यक्ष  मनोज मेहर, सरिया के युवा  प्रसन्न शर्मा, एस के प्रधान,  आसितक प्रधान ने मांग की है कि इस पवित्र त्रिवेणी संगम स्थल पर छत्तीसगढ़ के निर्माता भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके योगदान, दूरदर्शी नेतृत्व और छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका को सदैव याद रख सकें।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस पहल से इस ऐतिहासिक स्थल को नई पहचान मिलेगी तथा यह स्थान धार्मिक पर्यटन, ऐतिहासिक गौरव और छत्तीसगढ़ की अस्मिता का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button