प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर धूमाभांठा में ‘आशीर्वाद का दीया’, सेवा संकल्प अभियान के तहत हुआ आयोजन

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत धूमाभांठा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत परिसर में दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर पंचगण सहित स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम में उप सरपंच रामकुमार पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर दीप प्रज्वलित कर भगवान महादेव से उनके दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना की गई। उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ जनसेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अभियान के तहत सेवा, सुशासन और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। ग्रामीणों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।



