पीएम मोदी के जन्मदिवस पर सियासत के दो रंग : गांव-गांव जले दीप, काली शर्ट पहनकर कांग्रेस ने किया विरोध

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को जिले में सियासी रंग देखने को मिला।
पीएम के जन्मदिवस पर काली शर्ट में कांग्रेस का प्रदर्शन
सारंगढ़-बिलाईगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को जिले में सियासी रंग देखने को मिला। एक ओर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने सेवा एवं समर्पण की भावना के साथ गांव-गांव दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपनी शुभकामनाएं और आशीर्वाद व्यक्त किया। वहीं दूसरी ओर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने काली शर्ट पहनकर विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को ‘काला दिवस’ के रूप में मनाते हुए केंद्र सरकार की नीतियों और कथित नाकामियों को लेकर जमकर विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि सरकार के कार्यकाल में आम जनता से जुड़े कई मुद्दों पर अपेक्षित समाधान नहीं हुआ है और इन्हीं मुद्दों को लेकर कांग्रेस लगातार आवाज उठा रही है।
पीएम के जन्मदिवस पर काली शर्ट में कांग्रेस का प्रदर्शन
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काली शर्ट पहनकर एकजुटता दिखाई और केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि, लोकतंत्र में सरकार की उपलब्धियों के साथ उसकी नीतियों और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाना भी विपक्ष का अधिकार और जिम्मेदारी है। वहीं भाजपा पक्ष की ओर से प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा, समर्पण और जनसंपर्क से जोड़ते हुए विभिन्न गतिविधियां की जा रही हैं।
पीएम के जन्मदिन पर ‘दीपों की रोशनी’ बनाम ‘काला विरोध’
गांव-गांव दीप जलाने और लोगों तक पहुंचने का सिलसिला भी इसी क्रम का हिस्सा बताया गया। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर एक ही दिन में सामने आए सेवा और विरोध के इन दो अलग-अलग रंगों ने स्थानीय राजनीति में चर्चा तेज कर दी है। दीपों की रोशनी और काली शर्ट के विरोध के बीच जन्मदिवस का यह आयोजन जिले में सियासी संदेश देने का माध्यम बन गया।
ये लोग रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष किशोर पटेल, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष ताराचंद पटेल, अनुसूचित जाति जिला उपाध्यक्ष बिषिकेशन चौहान, धर्मेंद्र चौहान, गणपति पाढ़ी, सुशील नायक, प्रमोद नायक सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



