छत्तीसगढ़सारंगढ़ बिलाईगढ़

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 300 किलो से अधिक गांजा जब्त, एक गिरफ्तार

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पुलिस ने इस वर्ष की अब तक की सबसे बड़ी गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। थाना सरिया पुलिस ने सब्जी की आड़ में पिकअप वाहन से गांजा तस्करी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में कुल 300 किलो 200 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही गांजा ढोने में प्रयुक्त पिकअप वाहन और पायलेटिंग कर रही रेनॉल्ट काइगर कार को भी जब्त किया गया है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 48 लाख रुपये आंकी गई है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय एवं उप पुलिस अधीक्षक  अविनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रमोद कुमार यादव के कुशल नेतृत्व में की गई। दिनांक 26 दिसंबर 2025 को पेट्रोलिंग के दौरान सरिया पुलिस को सूचना मिली कि उड़ीसा की ओर से एक पिकअप वाहन में भारी मात्रा में गांजा लाया जा रहा है और उसके आगे एक कार पायलेटिंग कर रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने खजूरिया तालाब सरिया के पास घेराबंदी कर संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक UP 64 CT 6904 को रोका।

तलाशी के दौरान पिकअप में रखी सब्जी की कैरेट हटाने पर अंदर दस बोरियों में भरा 300 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद किया गया। वाहन में सवार आरोपी की पहचान राहुल कुमार राजपूत उर्फ गुड्डू, पिता रामविलास राजपूत, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम बमरौली, थाना हुसैनगंज, जिला फतेहपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपने चार अन्य साथियों के साथ उड़ीसा के बलांगीर से गांजा लेकर फतेहपुर (उत्तर प्रदेश) ले जाना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सरिया में अपराध क्रमांक 278/25, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की है। साथ ही पायलेटिंग में प्रयुक्त रेनॉल्ट काइगर कार क्रमांक UP 71 BJ 9550 को भी जब्त कर लिया गया है। फरार अन्य चार आरोपियों की तलाश जारी है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, सउनि सुमन चौहान, साइबर सेल प्रभारी सउनि रामकुमार मानिकपुरी सहित थाना सरिया एवं साइबर सेल के समस्त पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मच गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button