सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं का हुआ सम्मान

बरमकेला : सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को सरिया तहसील के ग्राम पंचायत पंचधार स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सरिया सेक्टर के 24 आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं शामिल हुईं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में जिला पंचायत सदस्य एवं कृषि सभापति डॉ. अभिलाषा कैलाश नायक उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को पुष्पगुच्छ एवं नारियल भेंटकर सम्मानित किया गया।
गर्भवती माताओं की गोदभराई रस्म कर उन्हें पोषण किट प्रदान की गई तथा शासन की योजनाओं एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी गई। वहीं बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया।

डॉ. अभिलाषा नायक ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने जन्मदिन को सेवा और जनकल्याण के संकल्प से जोड़ने का संदेश दिया है। विकसित भारत की मजबूत नींव गांवों से तैयार होगी और इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं एवं मितानिन बहनों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्व-सहायता समूह की महिलाएं आत्मनिर्भरता एवं महिला सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रही हैं, वहीं मितानिन बहनें गांव-गांव तक स्वास्थ्य सेवाएं और जागरूकता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम में जिला भाजपा उपाध्यक्ष स्वप्निल स्वर्णकार, पंचायत प्रकोष्ठ कैलाश नायक, जिला सोशल मीडिया प्रभारी चूड़ामणि पटेल, मंडल अध्यक्ष रजनी चौहान, मीना चौहान, मालती चौहान, यज्ञसिनी प्रधान, सरपंच सागर पटेल,उपसरपंच सुशीला पटेल, सचिव मनोज रात्रे, स्वास्थ्य विभाग RHO जनार्दन साह एवं सेक्टर प्रभारी पद्मिनी भोय सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, मितानिन, स्व-सहायता समूह की महिलाएं, बच्चे एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




