अखंड राम सप्ताह नाम यज्ञ में जिला पंचायत सदस्य एवं कृषि सभापति डॉ. अभिलाषा नायक हुई शामिल

बरमकेला : विकास खंड बरमकेला के ग्राम कंठीपाली में चल रहे सात दिवसीय अखंड राम सप्ताह नाम यज्ञ में जिला पंचायत सदस्य एवं कृषि सभापति डॉ. अभिलाषा नायक हुई शामिल।
ग्राम कंठीपाली पहुंचने पर डॉ. अभिलाषा नायक का ग्रामवासियों द्वारा स्वागत किया गया। इसके पश्चात उन्होंने श्री जगन्नाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और समस्त ग्रामवासियों की सुख-समृद्धि, उन्नति एवं मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने मंदिर परिसर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में भी भाग लिया।
इस अवसर पर आयोजित संकीर्तन में संकीर्तन मंडलियों द्वारा “जय-जय राम सीताराम, राधेश्याम सीताराम” का गायन एवं जाप किया जा रहा था। डॉ. नायक उपस्थित भक्त बृंद के बीच बैठकर स्वयं भी राम नाम का जाप किया और भक्ति भाव से आयोजन में सहभागी बनीं। पूरे वातावरण में राम नाम की गूंज से भक्तिमय माहौल बना रहा।

कार्यक्रम के दौरान समस्त आगंतुक भक्त बृंद एवं ग्रामवासियों के लिए प्रसाद एवं महाभंडारे की व्यवस्था की गई थी। डॉ. नायक ने भी भंडारे में शामिल होकर महाप्रसाद ग्रहण किया और आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से गांव में आपसी भाईचारा, एकता और आध्यात्मिक चेतना मजबूत होती है।
इस अवसर पर उनके साथ ग्राम पंचायत की सरपंच फूलकुमारी पटेल, सेवकराम पटेल, पद्मन पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं आसपास के गांवों से पहुंचे भक्त बृंद उपस्थित रहे।



