
बरमकेला। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बरमकेला के अध्यक्ष किशोर पटेल ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सरकार की अधिकांश योजनाओं का लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ में किसान, मजदूर, विद्यार्थी और महिलाएं विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं, जबकि सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही है।
किशोर पटेल ने कहा कि किसान डीएपी और यूरिया की उपलब्धता को लेकर परेशान हैं तथा एग्रीस्टैक (एग्रीटेक) पंजीयन के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। वहीं, बिजली कटौती और बढ़े हुए बिजली बिलों से आम उपभोक्ता परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्कूलों में शिक्षकों की कमी के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के पोर्टल में तकनीकी समस्याओं के कारण महिलाओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। राशन दुकानों में ओटीपी संबंधी दिक्कतों के चलते हितग्राहियों को समय पर चावल नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई विभागों में बिना भ्रष्टाचार के कार्य नहीं हो रहे हैं और आम लोगों को केवल केवाईसी, दस्तावेजी प्रक्रियाओं और सरकारी औपचारिकताओं में उलझाया जा रहा है।
किशोर पटेल ने कहा कि किसी एक गांव या विधानसभा क्षेत्र में एक-दो विकास कार्य स्वीकृत होने पर भाजपा के लोग पूरे प्रदेश में विकास होने का दावा करने लगते हैं, जबकि जमीनी हकीकत इससे अलग है। उन्होंने सरकार से जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने और योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने की मांग की।



