कानून व्यवस्था मजबूत करने थाना प्रभारी नंदलाल राठिया की पहल, कोटवार-सरपंच व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया थाना में नवपदस्थ थाना प्रभारी नंदलाल राठिया द्वारा क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और पुलिस एवं ग्रामीणों के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने के उद्देश्य से लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं। थाना प्रभारी के पदभार संभालने के बाद से ही वे क्षेत्र के कोटवारों, सरपंचों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ले रहे हैं।
बैठकों में अवैध कारोबार, जुआ-सट्टा, शराब बिक्री, आपराधिक गतिविधियों तथा सामाजिक विवादों पर नियंत्रण को लेकर विशेष चर्चा की जा रही है। थाना प्रभारी नंदलाल राठिया ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में आम जनता की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। पुलिस और ग्रामीणों के बीच विश्वास बढ़ेगा तो अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जाकर ग्रामीणों से सीधे मुलाकात की जाएगी, ताकि लोगों के मन में पुलिस को लेकर जो डर या दूरी है उसे समाप्त किया जा सके। पुलिस का उद्देश्य जनता को भयमुक्त वातावरण देना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।
ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी थाना प्रभारी की इस पहल की सराहना करते हुए क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग देने का भरोसा दिलाया।



