पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. बाबा का बरमकेला दौरा, खोरी गांव में किया आत्मीय मुलाकात

बरमकेला क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे छत्तीसगढ़ के पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. बाबा ने सारंगढ़ जिले के खोरी गांव में छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष तिलक नायक के निवास पर पहुंचकर उनसे एवं उनके परिवारजनों से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पारिवारिक वातावरण में बैठकर क्षेत्र की सामाजिक एवं राजनीतिक स्थिति पर विस्तार से चर्चा की।

टी.एस. बाबा का यह दौरा पूरी तरह से जनसंपर्क और कार्यकर्ताओं से जुड़ाव को मजबूत करने के उद्देश्य से माना जा रहा है। उन्होंने तिलक नायक से संगठन की गतिविधियों, क्षेत्र की समस्याओं और आगामी राजनीतिक रणनीतियों को लेकर विचार-विमर्श किया। मुलाकात के दौरान उन्होंने आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने और उनके समाधान के लिए मिलकर काम करने की बात कही। घनिष्ठ संबंध होने के कारण प्रोटोकॉल से समय निकल कर विशेष तौर पर निवासी खोरी गांव पहुंचे थे।

इस अवसर पर सारंगढ़ विधायक श्रीमती उत्तरी जांगड़े, पूर्व विधायक श्रीमती पद्मा मनहर, पूर्व विधायक प्रकाश नायक, जिला अध्यक्ष ताराचंद देवांगन एवं पवन नायक भी उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने एकजुटता के साथ संगठन को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। लोगों ने पूर्व उप मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और अपनी समस्याओं से भी अवगत कराया। टी.एस. बाबा ने सभी को आश्वासन दिया कि जनता की आवाज को हर स्तर पर उठाया जाएगा और क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।



