सारंगढ़ क्षेत्र के मर्ज स्कूलों को अनुदान दिलाने विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े की पहल — ब्लॉक संयोजक नंदकिशोर पटेल ने जताया आभार”

सारंगढ़। विधानसभा क्षेत्र सारंगढ़ की विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े द्वारा मर्ज (युक्तियुक्तकरण) किए गए विद्यालयों को लंबित अनुदान राशि जारी करने के संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर महत्वपूर्ण पहल की गई है। इस पहल से क्षेत्र के अनेक विद्यालयों में लंबे समय से लंबित मूलभूत सुविधाओं की समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है।
ज्ञात हो कि प्रदेश में युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया के अंतर्गत हजारों विद्यालयों का पुनर्गठन किया गया था, जिसके बाद कई मर्ज विद्यालयों को विभिन्न मदों की अनुदान राशि नहीं मिल पाई है। इससे विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन, आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी कार्यों में कठिनाई हो रही है। इस गंभीर विषय को संज्ञान में लेते हुए विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े ने मुख्यमंत्री तथा स्कूल शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर मर्ज विद्यालयों की लंबित अनुदान राशि शीघ्र जारी करने की मांग की है।
इस महत्वपूर्ण पहल का स्वागत करते हुए कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन तथा शिक्षक संगठनों ने विधायक का आभार व्यक्त किया है। कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन बरमकेला के ब्लॉक संयोजक एवं शिक्षक नेता नंदकिशोर पटेल ने कहा कि मर्ज विद्यालयों को समय पर अनुदान राशि मिलना अत्यंत आवश्यक है, जिससे विद्यालयों का संचालन सुचारु रूप से हो सके और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके। उन्होंने कहा कि विधायक द्वारा इस विषय को गंभीरता से उठाना क्षेत्र के शिक्षकों और विद्यार्थियों के हित में सराहनीय कदम है।
नंदकिशोर पटेल ने विश्वास जताया कि शासन इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लेकर जल्द ही लंबित अनुदान राशि जारी करेगा, जिससे विद्यालयों में आवश्यक संसाधनों की पूर्ति हो सकेगी और शिक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।



