जय और वीरु की जोड़ी को जिला महामंत्री की जिम्मेदारी, संगठन को मिली नई ताकत

सारंगढ़-बिलाईगढ़/ प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज एवं जिला अध्यक्ष ताराचंद देवांगन द्वारा जिला कार्यकारिणी के गठन में कांग्रेस संगठन को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। बड़े नावापारा निवासी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महेश डेहरी और कन्हैया सारथी को जिला महामंत्री नियुक्त किया गया है ।

दोनों नेताओं को क्षेत्र में “जय और वीरु” की जोड़ी के रूप में जाना जाता है। महेश डेहरी लंबे समय से कांग्रेस पार्टी में सक्रिय रहकर संगठन के प्रति सेवा भाव से कार्य करते रहे हैं। पार्टी के विभिन्न आंदोलनों और कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी हमेशा अग्रणी रही है। वहीं कन्हैया सारथी विधायक प्रतिनिधि के रूप में बरमकेला क्षेत्र में कांग्रेस नेता माने जाते हैं और क्षेत्रीय राजनीति में उनकी अच्छी पकड़ बताई जाती है।

पार्टी नेतृत्व ने दोनों नेताओं के अनुभव, सक्रियता और जनाधार को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नियुक्ति पर खुशी जताते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि उनकी नेतृत्व क्षमता से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि “जय और वीरु” की यह जोड़ी आने वाले चुनाव में कांग्रेस पार्टी के लिए कितना करिश्मा दिखाती है, यह समय बताएगा। फिलहाल संगठन में उनकी नियुक्ति को कांग्रेस की रणनीतिक मजबूती के रूप में देखा जा रहा है।



