
20 लाख की लागत से निर्मित परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का हुआ अनावरण
– अब तक प्रदेश में 177 अटल परिसरों का हो चुका है लोकार्पण: अरुण साव
सारंगढ़-बिलाईगढ़ / बरमकेला: छत्तीसगढ़ के यशस्वी उपमुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव आज सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के नगर पंचायत बरमकेला पहुंचे। यहाँ उन्होंने 20 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित ‘अटल परिसर’ का लोकार्पण किया और परम श्रद्धेय पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया।

भव्य स्वागत और विधि-विधान से पूजन
उपमुख्यमंत्री के बरमकेला आगमन पर नगरवासियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं, पटाखों और पारंपरिक कर्मा नृत्य के साथ उनका भव्य स्वागत किया। मुख्य कार्यक्रम स्थल पर पंडित गजराज सतपथी के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्री साव ने पूजा-अर्चना की और रिबन काटकर परिसर को जनता को समर्पित किया। उन्होंने अटल जी की प्रतिमा पर तिलक लगाकर और आरती उतारकर उन्हें नमन किया।

सुशासन और विकास के प्रतीक हैं अटल जी: अरुण साव
गार्डन परिसर में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा:
“छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण अटल जी की दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है। उनके योगदान को चिरस्थायी बनाने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश के हर नगरीय निकाय में ‘अटल परिसर’ का निर्माण किया जा रहा है। अब तक प्रदेश में 177 अटल परिसरों का लोकार्पण किया जा चुका है।”

उन्होंने अटल जी की ऐतिहासिक योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, किसान क्रेडिट कार्ड और शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण का उल्लेख करते हुए उन्हें आधुनिक भारत का शिल्पकार बताया। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से इस नवनिर्मित परिसर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की अपील भी की।

डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों पर डाला प्रकाश
श्री साव ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गरीबों को 5 किलो मुफ्त अनाज और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपए की सहायता दी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस परिसर को एक आदर्श ‘अटल उद्यान’ के रूप में और अधिक विकसित किया जाए।

विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस गरिमामयी समारोह में छत्तीसगढ़ भाजपा उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्राही, नगर पंचायत बरमकेला अध्यक्ष श्रीमती सत्यभामा नायक, श्रीमती विद्या चौहान, पूर्व विधायक जवाहर नायक, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय नायक, मनोहर नायक (विधायक प्रतिनिधि), राज किशोर पटेल, कैलाश पंडा, और स्वप्निल स्वर्णकार सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्रशासन की ओर से संयुक्त संचालक राकेश जायसवाल, मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) दीपक विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ और एसडीएम सहित अन्य विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद थे।




