छत्तीसगढ़सारंगढ़ बिलाईगढ़

मुख्यमंत्री के ऐलान का स्वागत, बरमकेला के कर्मचारी संगठनों ने जताई खुशी

बरमकेला/सारंगढ़, 11 जनवरी 2026।
राज्य के मुख्यमंत्री द्वारा कर्मचारियों की मांगों को लेकर किए गए अहम ऐलान का बरमकेला क्षेत्र में जोरदार स्वागत किया गया है। मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ता (डीए) 55 प्रतिशत से बढ़ाकर 58 प्रतिशत करने की घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की शेष लंबित मांगों पर भी सरकार गंभीरता से विचार कर रही है और उन्हें शीघ्र पूरा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद कर्मचारी संगठनों में सकारात्मक माहौल देखने को मिला। बरमकेला के कर्मचारी नेता सुभाष चौहान और शिक्षक नेता नंदकिशोर पटेल ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे कर्मचारियों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से कर्मचारी महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की मांग कर रहे थे, जिसे अब सरकार ने स्वीकार कर लागू किया है। इससे कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी।

नेताओं ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा अन्य मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन कर्मचारियों के लिए उम्मीद की नई किरण है। शिक्षकों और अन्य शासकीय कर्मचारियों से जुड़ी समस्याएं जैसे पदोन्नति, लंबित भत्ते, सेवा शर्तों में सुधार और अन्य प्रशासनिक मुद्दों पर सरकार सकारात्मक निर्णय लेगी, ऐसी अपेक्षा सभी कर्मचारियों को है।

कर्मचारी संगठनों ने भरोसा जताया कि राज्य सरकार कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए संवाद के माध्यम से शेष मांगों का भी निराकरण करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार और कर्मचारियों के बीच सहयोग और विश्वास का यह माहौल प्रदेश के विकास में सहायक सिद्ध होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button