
सारंगढ़/आबकारी आयुक्त आर. संगीता के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे और जिला आबकारी अधिकारी संतराम वर्मा के मार्गदर्शन में आज दिनांक 25/11/25 को आबकारी वृत बरमकेला की टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान 15 लीटर हाथ भट्टी की अवैध कच्ची शराब जब्त की गई, जिसे आरोपी सेतकुमार साहू/अजोर साहू, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम कपरतुंगा, थाना बरमकेला द्वारा तैयार किया जा रहा था।
टीम को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण का कार्य लगातार बढ़ रहा है। इसी सूचना के आधार पर आबकारी विभाग ने रणनीति बनाकर दबिश दी, जहां से आरोपी को मौके पर पकड़ा गया और उसके कब्जे से अवैध शराब सामग्री बरामद की गई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
इस सफल अभियान में उपनिरीक्षक बरमकेला रामेश्वर राठिया, उपनिरीक्षक बिलाईगढ़ हबील खलखो, तथा सुरक्षा कर्मी मुकुंदराम चौहान और ढोल नारायण चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने क्षेत्र में बढ़ रही अवैध शराब गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए तत्परता और सजगता का संदेश दिया है।
आबकारी विभाग ने बताया कि आगे भी ऐसे अवैध कारोबारियों के खिलाफ निरंतर अभियान चलाया जाएगा और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई से स्थानीय क्षेत्र में आबकारी विभाग की सक्रियता का स्पष्ट संदेश गया है।



