छत्तीसगढ़सारंगढ़ बिलाईगढ़

किंकारी डेम के जंगल पठार में आबकारी विभाग की बड़ी कार्यवाही, 120 लीटर अवैध शराब और 1250 किलो महुआ जब्त

सारंगढ़-बिलाईगढ़। आबकारी आयुक्त आर. संगीता के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे और जिला आबकारी अधिकारी संतराम वर्मा के मार्गदर्शन में आज दिनांक 11 नवम्बर 2025 को आबकारी वृत बरमकेला की टीम ने बड़ी कार्रवाई अंजाम दी। टीम ने ग्राम छैलभाठा से लगे किंकारी डेम के टापू जंगल पठार क्षेत्र में दबिश देकर लगभग 120 लीटर अवैध कच्ची शराब तथा 25 प्लास्टिक बोरियों में करीब 1250 किलोग्राम महुआ पास जब्त किया, जो शराब निर्माण हेतु तैयार किया जा रहा था।

सूत्रों के अनुसार, इस क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब निर्माण की गतिविधियां चल रही थीं। मुखबिर से प्राप्त जानकारी पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आबकारी अमला मौके पर पहुंचा और वहां चल रहे अवैध शराब निर्माण ठिकाने को नष्ट कर दिया। टीम ने मौके से भारी मात्रा में शराब एवं सामग्री जब्त कर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है। मुख्य आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

इस अभियान में उपनिरीक्षक बरमकेला रामेश्वर राठिया, उपनिरीक्षक सरिया लोकनाथ साहू, उपनिरीक्षक बिलाईगढ़ हबील खलखो, मुख्य आरक्षक उमेश, तथा सुरक्षा कर्मी मुकुंदराम चौहान और ढोल नारायण चौहान की विशेष भूमिका रही। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button