छत्तीसगढ़सारंगढ़ बिलाईगढ़

*देवभूमि देवगांव के प्राचीन शिव मंदिर में मानस पाठ का भव्य समापन, विशाल भंडारे का आयोजन*

*जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने की पूजा-अर्चना, शेड निर्माण हेतु 10 लाख रुपये की घोषणा*

बरमकेला।
देवभूमि देवगांव के ऊँचे पहाड़ पर स्थित क्षेत्र के प्राचीनतम शिव मंदिर में विगत एक सप्ताह से अधिक समय तक चले मानस पाठ का भव्य समापन विशाल भंडारे के साथ श्रद्धा एवं उत्साहपूर्वक किया गया। इस पावन अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय विशेष रूप से उपस्थित रहे और विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पाण्डेय ने मानस पाठ के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि रामचरितमानस मानव जीवन को धर्म, संस्कार और मर्यादा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है तथा समाज के लिए अत्यंत सार्थक और मार्गदर्शक है। उन्होंने देवगांव स्थित इस प्राचीन शिव मंदिर की धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्ता पर भी प्रकाश डाला।


इस अवसर पर श्री पाण्डेय ने मंदिर प्रांगण में मानस पाठ एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के सुचारू संचालन हेतु स्थायी शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की स्वीकृति दिलाने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने भंडारे के आयोजन हेतु अपनी ओर से आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया। उनकी इस घोषणा से क्षेत्र के धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों में अत्यंत हर्ष और उत्साह देखने को मिला। उपस्थित जनसमूह ने जिला पंचायत अध्यक्ष के इस सहयोग के लिए उनका अभिनंदन एवं आभार व्यक्त किया।
आयोजन समिति ने भी श्री पाण्डेय के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उल्लेखनीय है कि आयोजन समिति के अथक प्रयासों एवं दानदाताओं के सहयोग से यह मानस पाठ का आयोजन पिछले एक दशक से अधिक समय से निरंतर किया जा रहा है। इस आयोजन में न केवल पुरुष बल्कि महिलाएं एवं बच्चे भी बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं और धर्म, संस्कार एवं पुण्य लाभ के सहभागी बनते हैं।


इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय के साथ जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि कैलाश नायक, सरपंच तपस्विनी सुरेश इजारदार, जनपद सदस्य प्रतिनिधि रोहित वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, भाजपा के पदाधिकारी एवं क्षेत्र के ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे आयोजन स्थल पर भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button